औंग। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर जाम लगने के कारण दो घंटे वाहनों का आवागमन बाधित रहा। हाईवे के दोनों रूट पर करीब पांच किमी तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। कई रोडवेज बसें भी फंसी रहीं। यात्री तेज गर्मी में तड़प गए। पुलिस के आने पर जाम हटा और वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।
कानपुर की ओर से एक ट्रेलर मशीन लादकर प्रयागराज की ओर जा रहा था। रानीपुर गांव के पास हाईवे चौड़ीकरण को लेकर वनवे किया गया है। जहां पर मशीन लदे ट्रेलर के पहुंचने से सामने से आ रहे वाहनों का निकलना बंद हो गया और जल्दबाजी में चालकों ने दोनों तरफ वाहनों को आड़ा तिरछा लगा दिया।
थोड़ी ही देर में जिले की सीमा छिवली तक और फतेहपुर की तरफ औंग चौराहे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक जाम में वाहन फंसे रहे। यात्रियों ने 112 नंबर पर सूचना दी। पीआरवी सिपाही योगेंद्र यादव ने साथियों के साथ कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।