हसवा। बाल दिवस के लिए सामान खरीदने बिलंदा जाते समय शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। बिलंदा-एकारी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में बाइक चला रहा छात्र ट्रैक्टर के पहिये से कुचलकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। कानपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बाइक में पीछे बैठे तीन छात्रों को मामूली चोटें आई हैं। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
राधानगर थाना क्षेत्र के टीसी गांव निवासी 14 वर्षीय राजकुमार पुत्र रामविशाल बड़का एकारी गांव के महादेव प्रसाद इंटर काॅलेज एकारी में कक्षा नौ में पढ़ता था। शुक्रवार को स्कूल में बाल दिवस का कार्यक्रम था।
राजकुमार अपने साथी एकारी गांव निवासी 13 वर्षीय सौरभ साहू, 14 वर्षीय अजय दिवाकर और 14 वर्षीय योगेंद्र के साथ एक ही बाइक में सवार होकर बिलंदा बाल दिवस के लिए सामग्री खरीदने जा रहे थे।
दूसरी तरफ बिलंदा से पंक्चर बनवाने के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर एकारी की तरफ आ रहा था। बाइक ट्रैक्टर के बीच में टकरा गई। बाइक चला रहा छात्र राजकुमार हेलमेट नहीं लगाए था। वह ट्रैक्टर के पिछले पहिये से कुचलकर घायल हो गया।
बाइक सवार तीन छात्र छिटककर दूर जा गिरे। चौकी प्रभारी हसवा अरुण कुमार पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर राजकुमार को कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। कानपुर के हैलट अस्पताल में राजकुमार की मौत हो गई।
घायल तीन अन्य छात्रों का इलाज कर उन्हें घर भेज दिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। चालक रिजवान मौके से फरार है। चौकी प्रभारी ने कहा कि एक बाइक में चार छात्र सवार थे। लिखित सूचना मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।