फतेहपुर। कोरोना वैक्सीन का एक और राउंड आज से शुरू होगा। यह राउंड भी फ्रंट लाइन वर्कर के नाम रहेगा। इस पांचवें राउंड में 905 को कोवी शील्ड की खुराक दी जाएगी। सुबह नौ बजे से शुरू होने वाली प्रक्रिया शाम पांच बजे तक चलेगी। अब तक कोरोना वैक्सीनेशन के चार राउंड हो चुके हैं। यह पांचवां राउंड 10 सत्र केंद्रों में अंजाम दिया जाएगा। जिनको टीका लगना है, उन्हें सूचित कर दिया गया है। ऐसा ही मैसेज जिले के एसीएमओ डॉ. संजय कुमार को भी मिला है।
बुधवार को नोडल अफसर डॉ. इश्तियाक अहमद और डॉ. सुरेश कुमार टीकाकरण को लगाए गए कार्मिकों को हर तरह की जानकारी से वाकिफ कराते देखे गए। सीएमओ ने बताया कि गुरुवार को 905 को टीका लगाया जाएगा। शनिवार को पुलिस, निकाय, राजस्व, होमगार्ड, सैनिकों का टीकाकरण होगा।
पांच फरवरी को 12 सेंटरों में लगेगा टीका
फतेहपुर। कोरोना वैक्सीनेशन की जारी प्रक्रिया में शुक्रवार यानि पांच तारीख को 12 सेंटरो में 1059 को टीका लगेगा। खागा सीएचसी के दो सत्र में 224, पीपीसी के एक सेंटर में 100, महिला अस्पताल के एक सत्र में 137, पुरुष अस्पताल के एक सेंटर में 76, सराय खालिस सीएचसी के एक सेंटर में 40, तेलियानी पीएचसी में 124, खखरेरू सीएचसी में 33, देवमई पीएचसी में 56, जहानाबाद में 121 और खजुहा पीएचसी में 178 का टीकाकरण होगा।
डीएम और एसपी को कल लगेगा टीका
फतेहपुर। पांच फरवरी को होने वाले टीकाकरण कार्यक्रम के तहत डीएम अपूर्वा दुबे को भी टीका लगेगा। एसपी सतपाल अंतिल भी टीकाकरण की लिस्ट में शामिल हैं। टीकाकरण के लिए चयनित लोगों को मैसेज भेजा गया है। इनमें और भी अधिकारी शामिल हैं।