फतेहपुर। ऑक्सीजन न मिलने से महिला की मौत के मामले में पुलिस ने 108 एंबुलेंस के संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के इमामगंज मोहल्ला निवासी ज्ञान शंकर त्रिवेदी का आरोप है कि उनकी मां ऊषा त्रिवेदी (68) की 14 मई को हालत बिगड़ी थी। जिला अस्पताल में डाक्टर ने हालत नाजुक देेख कानपुर हैलट रेफर किया था। इस पर उन्होंने मां को ले जाने के लिए एएलएस एंबुलेंस मंगाई थी। एंबुलेंस लेकर चालक देवेंद्र सिंह और ईएमटी राघवेंद्र पटेल लेकर पहुंचे थे। उनके साथ मां को लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही एंबुलेंस की आक्सीजन खत्म हो गई। सिलिंडर में आक्सीजन आधा ही भरा हुआ था। उसकी मां को आक्सीजन की जरूरत थी।
दूसरी एंबुलेंस से सिलिंडर का इंतजाम कराया गया। इस दौरान मां की हालत और बिगड़ गई। देवेंद्र की एंबुलेंस की हालत भी ठीक नहीं थी। कानपुर में इलाज के दौरान करीब एक माह बाद मां की मौत हो गई। आरोप है कि 108 एंबुलेंस के संचालक मनीष कुमार, चालक, ईएमटी ने मिलकर आक्सीजन की कालाबाजारी की, जिससे ही सिलिंडर खत्म हुआ। आक्सीजन की कमी के कारण ही मां की मौत हुई है। कोतवाल अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या व धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।