ललिता देवी की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
असोथर (फतेहपुर) । पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। बेटे का कहना है कि पिता की मानसिक हालत ठीक नहीं है।
उन्हें मां के चरित्र पर शक था, इसके चलते ही उन्होंने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि बेटे की तहरीर पर पिता के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना क्षेत्र के सरवल गांव निवासी ललिता (66) बुधवार रात दरवाजे पर सो रही थी। उसका पति शिवबरन शर्मा पास में सोया था। छोटा बेटा छोटे कुछ दूर निर्माणाधीन मकान में सो रहा था। बड़ा बेटा बबलू पत्नी के साथ घर के अंदर सो रहा था।
बेटे बबलू ने बताया रात करीब दो बजे मां की चीख सुनाई दी। तभी वह बाहर आया तो देखा कि मां के सिर और कंधे से खून बह रहा था। शरीर पर कुल्हाड़ी की चोट के निशान थे। पिता पास में ही कुल्हाड़ी हाथ में लेकर बैठे थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बेटे बबलू ने पुलिस को बताया कि पिता करीब एक-डेढ़ साल से मां पर शक करने लगे थे। मां नित्यक्रिया को जंगल जाती थी तो उनका पीछा करते थे। खेत, घरेलू कामकाज के लिए मां के साथ ही पिता आते-जाते थे।
वृद्घावस्था में मां पर शक बेवजह था। मानसिक बीमारी का शिकार होने के कारण पिता ऐसा करते थे। मृतका की पांच बेटियां रामश्री, राधेश्री, मंशा, आरती, ननकी शादीशुदा हैं। निरीक्षक नीरज यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।