फतेहपुर। गणेश चतुर्थी पर सुखकर्ता आस्था के रथ पर सवार होकर निकले। इनका शहरी और ग्रामीण इलाकों में श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान श्रीगणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। वैदिक मंत्रों, आरती और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शहर के हजारीलाल फाटक चौक, पीलू तले, ज्वालागंज और गणेश मंदिर पर श्रद्धालु सुबह से ही पूजा-अर्चना में लीन रहे। मूर्ति स्थापना के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और आरती हुई। भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना की।
असोथर नगर पंचायत के बढ़ई टोला जरौली रोड पर भी श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। यहां सप्ताहभर तक सुबह-शाम पूजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आयोजन समिति में संतोष अग्रहरि, विनोद, रोहित और मोनू गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता जुटे हैं। थाना अध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।
धाता कस्बे के भैरव बाबा, रावण मैदान और थाना रोड पर भी सप्ताहभर के धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। गुड्डू केसरवानी, नीलू केसरवानी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूजन संपन्न हुआ।
अमौली क्षेत्र में गांव-गांव कलश यात्रा और बैंड-बाजों के साथ गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गईं। रथ पर विराजमान गणपति पूरे गांव का भ्रमण करते रहे। बुढ़वा गांव में पंचायत घर तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। प्रमुख यजमानों में शिवमोहन, अमित सचान, आर्यन पांडे और पुत्तीलाल शामिल रहे।
जहानाबाद के श्रीराम जानकी धाम और रामतलाई मंदिर में नवयुवक जन जागरण मंच की ओर से गणेश महोत्सव शुरू हुआ। आचार्य संजय शुक्ला और पंडित संजय तिवारी ने मंत्रोच्चार के साथ स्थापना कराई।
श्रद्धालुओं में स्वाती, सौरभ ओमर, राजा अग्निहोत्री और लल्लू ओमर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रमों में रामचरितमानस पाठ, हवन, आरती और प्रसाद वितरण हुआ। जाफरगंज में मुंबई से लाई गई प्रतिमा की स्थापना भक्तों ने श्रद्धा के साथ की।