असोथर। ब्लॉक के गांव बेसड़ी में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे आधे गांव की बिजली आपूर्ति तीन दिन से ठप है। गर्मी में बिजली न मिलने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पेयजल संकट भी बना है। छात्रों की पढ़ाई के अलावा दैनिक कार्य भी बाधित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बड़े हिस्से में विद्युत आपूर्ति 100 केवीए के ट्रांसफार्मर से होती है। ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद बड़ी आबादी में बिजली आपूर्ति ठप है। गांव के सोनू शुक्ला, गंगा प्रसाद शुक्ला, संदीप द्विवेदी, सत्यम तिवारी आदि ने शीघ्र ही बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। जेई राजकुमार गुप्ता ने बताया कि फुंके ट्रांसफार्मर का एस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। स्टोर से ट्रांसफार्मर उपलब्ध होते ही लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।