फतेहपुर। हाईवे किनारे ट्रक गैराज समेत तीन स्थानों को बुधवार रात चोरों ने निशाना बनाया। चोर 8.50 रुपये का सामान और नकदी पार कर ले गए। संबंधित थानों की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली के शादीपुर निवासी मो. नौशाद का एआरटीओ कार्यालय के सामने कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर ट्रक गैराज है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह गैराज पहुंचे तो गेट का ताला टूटा मिला। गैराज में खड़े एक ट्रक की बैटरी और दूसरे की कॉपर वायरिंग के अलावा ईजीआर, टर्बो, डीजल पंप, पिस्टन और दो रिम चोरी मिले। उनके मुताबिक करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
उधर किशनपुर थाना क्षेत्र के लोहंगपुर मौजा (गढ़ा) निवासी चुन्नू सिंह के घर में सेंध लगाकर चोर घुसे। परिवार के कुछ सदस्य घर के बाहर और कुछ आंगन में सो रहे थे। चोर पीछे के कमरों की दीवार में सेंध लगाकर गड़े मटके से जेवर चोरी कर ले गए। बक्से का ताला तोड़कर 10 हजार रुपये और दो क्विंटल गेहूं भी ले गए। पीड़ित ने करीब तीन लाख रुपये का नुकसान बताया है।
इसी थाना क्षेत्र के कलका का पुरवा मजरे अहमदगंज तिहार निवासी साक्षी देवी की परचून की दुकान का ताला तोड़कर चोर 15 किलो चावल, 15 किलो चीनी, 12 पैकेट गुटखा, नमकीन, बिस्किट और चार हजार रुपये चोरी कर ले गए। थानाध्यक्ष मनीष सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।