समधन। नगर में चल रहे दंगल के आखिरी दिन सीनियर पहलवानों ने कुश्ती में दांवपेच आजमाए। दंगल देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ी। दर्शकों ने ताली बजाकर पहलवानों की हौसला अफजाई की।
समधन नगर के पूर्वी स्वागत द्वार के नजदीक चल रहे दंगल के आखिरी दिन पहली कुश्ती नागालैंड के पहलवान धमाका व मेरठ के गोलू के बीच हुई। दोनों पहलवानों के बीच करीब 15 मिनट तक दांव पेंच का खेल चला। आखिर में गोलू पहलवान ने जीत दर्ज की। दूसरी कुश्ती पहलवान नकाबपोश व शीलू के बीच कराई गई। करीब 20 मिनट तक अपनी जीत दर्ज करने के लिए दोनों प्रयास करते रहे। नकाबपोश पहलवान ने शीलू को पटकनी लगाकर जीत हासिल की।
तीसरी कुश्ती पहलवान मौसम अली व नकाबपोश के बीच कराई गई। करीब 20 मिनट तक चली कुश्ती में नकाबपोश ने मौसम अली को कड़ी चुनौती देते हुए जीत दर्ज की। चौथी कुश्ती एटा के चंचल पहलवान व सहारनपुर के सलमान के बीच कराई गई। करीब 25 मिनट तक चले दांव पेंच के खेल में कुश्ती बराबर पर छूटी। दंगल के आखिरी दिन करीब आधा दर्जन सीनियर पहलवानों की कुश्ती कराई गई। कमेटी के सदस्यों ने विजेता व उपविजेता पहलवानों को माला पहनाकर पुरस्कार देकर सम्मानित किया।