फतेहपुर। जिले में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से डेढ़ मीटर नीचे होने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। बिंदकी तहसील क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ के हालात को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।
गंगा का जलस्तर वर्तमान में 98.50 मीटर तक पहुंच गया है। गंगा में खतरे का निशान 100.86 मीटर पर है। नदी फिलहाल लगभग 1.36 मीटर नीचे बह रही है। बीते दिनों से लगातार बारिश व उत्तराखंड व आसपास के क्षेत्रों में जल प्रवाह बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
बाढ़ से प्रभावित होने वाले संभावित गांवों में बिंदकी फार्म, जाड़े का पुरवा, बड़ाखेड़ा और मल्हुखेड़ा गांवों के ग्रामीणों में जलस्तर को लेकर चिंता देखी जा रही है।
लोग फसलें व मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की तैयारी में जुटे हैं। प्रशासन ने राहत व बचाव कार्यों के लिए टीमें तैनात कर दी हैं। साथ ही गांवों में निगरानी के लिए नावें, मेडिकल किट व पर्याप्त राशन की व्यवस्था की जा रही है।
बाढ़ प्रभारी अधिकारी एसएल वर्मा ने बताया कि लगातार गंगा के बढ़ रहे जलस्तर पर नजर बनाए हैं। सभी कर्मचारियों की 24 घंटों में बांटकर बाढ़ नियंत्रण कक्ष में तैनाती कर दी गई है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में और बारिश की संभावना जताई है। इससे भी गंगा के जलस्तर में इजाफा हो सकता है। ऐसे में प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने को कहा है।