फतेहपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक परिवार ने शादी के झांसे में फंसाकर चालीस हजार की रकम एक खाते में डलवा ली। मामले की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एमआईजी आवास विकास सिविल लाइन निवासी चौधरी भूपाल सिंह ने एक अखबार में छह अक्तूबर 2019 को बीटेक पीडब्ल्यूडी सिविल इंजीनियर युवक का वैवाहिक विज्ञापन पढ़ा। यह पढ़ने के बाद दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। जिसके बाद बेटी का फोटो और बायोडाटा मांगने पर व्हाट्सएप पर उनके नंबर पर भेजा। उसके बाद सात अक्तूबर को अपने घर अलीगढ़ शादी का प्रस्ताव के लिए आमंत्रित किया। उसने जल्द ही आने की बात कही। रामकुमार ने फोन किया कि वह लोग परिवार के साथ पिथौरागढ़ कामाख्या देवी के दर्शन करने जा रहे हैं। सभी के लिए मंगल कामना करेंगे और परिवार की प्रगति के लिए दीपक जलाएंगे। उसके बाद नौ अक्तूबर को एसआई नीरज पांडेय का फोन आया। उसने रामकुमार की कार का एक्सीडेंट होना बताया। जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई है। कार सवार परिवार को गांव के लोगों ने घेर लिया। उन्होंने पुलिस बल के साथ स्थिति को संभाल लिया है। समझौते के लिए रामकुमार के एटीएम से चार बार में कुछ रुपये निकाल लिए है। पत्नी बहू के जेवरात भी बेच दिए हैं। कुल एक लाख 60 हजार रुपये दिए गए हैं। गांव के लोग 40 हजार रुपये अतिरिक्त की मांग कर रहे हैं। किसी प्रणव विश्नोई के बैंक खाते का नंबर दिया। जिसमें 40 हजार रुपये ट्रांसफर किए। उसके बाद एसआई नीरज का फोन बंद हो गया। रामकुमार और उसके परिवार के लोगों से भी सारे संपर्क बंद हो गया। वह लोग परेशान हो गए। वह अलीगढ़ गए तो रामकुमार का परिवार नहीं मिला। बिजनौर की बैंक में संपर्क किया। जहां गोपनीयता का बहाना बताकर खातेधारक की जानकारी नहीं दी गई। शिकायत पर पुलिस ने अलीगढ़ जिले के आईसीआईसीआई बैंक पिच गली नंबर अलीगढ़ मैरिस रोड निवासी रामकुमार चौधरी और उसके बेटे दीपक कुमार चौधरी, एसआई नीरज कुमार पांडेय, बिजनौर जिलेके नगीना सराय भागीरथी विश्वनोई निवासी प्रणव विश्वनोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।