फतेहपुर। 12वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड में तीन दिन तक चलने वाली पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती-2025 की शारीरिक दक्षता परीक्षा सोमवार से शुरू हुई। पहले दिन गर्मी के चलते दौड़ के दौरान चार अभ्यर्थी बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर छुट्टी दे दी गई।
दौड़ के दौरान प्राशू पुत्र रामचंद्र निवासी बहरिया, प्रयागराज, अभिषेक मौर्या पुत्र राम सागर निवासी जमालपुर, थाना फुर्सतगंज, अमेठी, सतेंद्र पांडेय पुत्र राम भवन निवासी डिघरीकला, थाना बारा, प्रयागराज और सत्यप्रकाश पुत्र बाबूलाल निवासी कैथर, थाना राठ, हमीरपुर की तबीयत बिगड़ गई।
पुलिस उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) भर्ती-2025 की शारीरिक दक्षता परीक्षा 12वीं वाहिनी पीएसी स्थित एथलेटिक्स ग्राउंड में सोमवार से शुरू हुई है। यह परीक्षा 30 जून और एक जुलाई तक चलेगी। 30 जून को शेष अभ्यर्थियों की दौड़ होगी। वहीं बचने वाले अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट एक जुलाई को कराया जाएगा। दौड़ प्रतिदिन सुबह पांच बजे शुरू हो रही है। इसमें लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके 1166 महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।