इंदिरा आवास योजना समेत अन्य लाभकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर पीडी आरके गौतम ने शुक्रवार को ब्लाक का दौरा किया। ग्राम विकास अधिकारी केपी सिंह के अनुपस्थिति पाए जाने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी करते हुए इंदिरा आवास योजना के संदर्भ में खुली बैठक कराके वीडियोग्राफी कराए जाने के लिए बीडीओ को निर्देशित किया।
डीआरडीए के पीडी आरके गौतम ने सबसे पहले ब्लाक की पत्रावलियां खंगाली। निरीक्षण के दौरान ग्राम विकास अधिकारी केपी सिंह के अनुपस्थिति मिलने पर बीडीओ को ग्राम विकास अधिकारी एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश के साथ स्पष्टीकरण के लिए निर्देशित किया। पीडी ने शासन की चल रही कल्याणकारी योजनाओं की हकीकत जानने के बाद इंदिरा आवास योजना पर चर्चा की। ग्राम पंचायत अधिकारियों से 29 अगस्त से पांच सितंबर के बीच ब्लाक की सभी 56 ग्राम पंचायतों में खुली बैठक कराए जाने की बात कही। साथ ही जोर दिया कि हरेक खुली बैठक की वीडियोग्राफी कराई जाए ताकि योजना की पारदर्शिता पर उंगली न उठ सके। पीडी ने खुलासा किया कि इंदिरा आवास योजना की आवंटन की प्रक्रिया 2002 की बीपीएल सूची के अनुरूप होगी। इस मौके पर बीडीओ राजीव गुप्ता, राजेंद्र यादव, नरेंद्र कुमार तिनगुनिया, अशोक सोनकर, कंहैया लाल समेत अन्य ग्राम पंचायत अधिकारी व ब्लाक के अन्य कर्मचारी मौजूद थे।