किसान समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए भाकियू पदाधिकारियों को प्रत्येक सोमवार को कचहरी में बैठने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को नहर कालोनी में भाकियू की मासिक बैठक में जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम ने बताया कि किसान समस्याओं व धन उगाही के खिलाफ शनिवार को पलिया उपकेंद्र व 11 सितंबर को किशनपुर थाने का घेराव किया जाएगा। इसके अलावा नौ सितंबर को खजुआ के कोरौली व देवमई के बरिगवां में भाकियू की पंचायत होगी।
भाकियू नेता रामदत्त मिश्रा ने जिले के किसानों की समस्याएं भाकियू उपाध्यक्ष को गिनाईं, जिसमें ओवर लोड उपकेंद्रो की वजह से किसानाें को रोस्टर के मुताबिक बिजली आपूर्ति न मिलने की समस्या से अवगत कराया। जिले में थरियांव, असोथर, हुसैनगंज, किशनपुर समेत सभी ग्रामीण क्षेत्र के उपकेंद्र ओवर लोड हैं। बिजली आपूर्ति होते ही मशीनें ओवर लोड होकर ट्रिप होने लगती है, जिससे 24 घंटे में दो चार घंटे ही किसानों को बिजली आपूर्ति मिल पाती है। भाकियू जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम ने कहा कि नहर विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से नहरों और रजबहों की हालत बदतर होती जा रही है। रामगंगा व निचली गंगा नहर से कौशांबी जिले तक के किसान फसलों की सिंचाई करते थे लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से सिल्ट सफाई, पटरी मरम्मत और अन्य मदों में आने वाली धनराशि का बंदरबाट कर दिया जाता है। भाकियू नेता मधुसूदन तिवारी ने बताया कि बेमौसम बारिश से जिले का किसान भुखमरी की कगार पर पहुंच गया है। प्रशासन मुआवजा की धनराशि वितरण में हीलाहवाली किए है। अगर किसानों को मुआवजे का लाभ न मिला तो जिले का किसान आंदोलन करेगा। इस मौके पर सुरेंद्र सिंह पटेल, राजेंद्र सिंह, रामसहांय पटेल, अशोक उत्तम, केशनपाल, प्रीतम सिंह, रामू तिवारी, अखिलेंद्र प्रताप सिंह आदि रहे।