फोटो-38-पुलिस लाइन गेस्ट हाउस में जानकारी देते डा. सूर्य कुमार। स्रोत: पुलिस
फतेहपुर। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर बेरोजगारी मुक्त भारत अभियान को गति देने की पहल की जाएगी। पूर्व डीजी होमगार्ड डॉ. सूर्य कुमार शुक्ला ने पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस में अभियान की जानकारी देते हुए जन्मभूमि से रोजगार, कौशल विकास और ग्रामीण आत्मनिर्भरता की नई पहल को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
अभियान के तहत जिले में जल्द ही एक गांव का चयन कर उसे समृद्ध मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और पारंपरिक कारीगरों की क्षमताओं को पहचानकर उन्हें रोजगार, स्वरोजगार, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान का संचालन कमेटी फॉर सर्विस एंड डेवलपमेंट (सीएसडी) के अधीन रोजगार संगठन फॉर अनएम्प्लॉयड (ईओयू) के माध्यम से किया जा रहा है। अगले चरण में ईओयू की जिला समिति स्थानीय परिस्थितियों, उपलब्ध संसाधनों और रोजगार की संभावनाओं के आधार पर गांव का चयन करेगी। इसके बाद चयनित गांव को बेरोजगारी मुक्त एवं समृद्ध मॉडल गांव बनाने की दिशा में काम होगा।
संबंधित विभागों, ग्राम पंचायत, विकास खंड प्रशासन, जिला प्रशासन, बैंकों और प्रशिक्षण संस्थानों के सहयोग से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। पारंपरिक कारीगरों और छोटे व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक लोगों को विशेष रूप से लाभ पहुंचाने की योजना है।