रक्षपालपुर। शिवपुरी गांव में मंगलवार की रात आग ताप रहे एक युवक पर दूसरे युवक ने फायर झोंक दिया। हमले में युवक बाल-बाल बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को तमंचे, कारतूस, खोखा व बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरे युवक की खोजबीन हो रही है।
खखरेरू थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव निवासी संजय कुमार मंगलवार की रात करीब 10 बजे अपने दरवाजे पर आग ताप रहा था। इस दौरान वहां बाइक से दो युवक पहुंचे जो शराब के नशे में धुत थे। उन्होंने बाइक दरवाजे पर रोककर संजय से पिलाने की बात कही। इस पर संजय ने उनसे रात में कहां से आने की बात पूूछ ली। इस बात को
लेकर दोनों में मारपीट हो गई। इसबीच युवक ने तमंचा निकालकर फायर झोंक दिया। गोली चलते ही वहां भगदड़ मच गई। गोली चलाने के बाद दोनों युवक वहां से बाइक लेकर भागे तो नशे में होने के कारण एक गिर गया। जबकि दूसरा युवक वहां से भाग निकला, ग्रामीणों ने सड़क पर गिरने वाले युवक को पकड़ लिया और पुलिस को
सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक तमंचा, दो कारतूस व एक खोखा और बाइक बरामद की। आरोपी युवक की पहचान अनिल सिंह निवासी मोहब्बतपुर मजरे मानूपुर के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर खखरेरू जयचंद्र भारती ने बताया कि दूसरे युवक की तलाश की जा रही है। आरोपी अनिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।