फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को पुलिस ने रुपये लेकर जमानत लेने वाले हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। हसवा चौकी प्रभारी अंबरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना क्षेत्र के हसवा निवासी सतीश चंद्र हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
चौकी प्रभारी ने बताया कि सतीश चंद्र आर्थिक लाभ के लिए फर्जी शपथपत्र, खतौनी और बंधक पत्र तैयार कर मुकदमों में लोगों की जमानत लेता है। राधानगर थाने से जेल में निरुद्ध आरोपी महीन शेख की जमानत के लिए सतीश चंद्र ने संपत्ति के कागजात दाखिल किए थे। जांच में पता चला कि वह अपरिचित लोगों की जमानत लेता है और जमानत मिलने के बाद आरोपी दोबारा न्यायालय में हाजिर नहीं होते हैं।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले थाना जहानाबाद, कोतवाली बिंदकी, थाना कल्यानपुर, कोतवाली सदर, थाना राधानगर समेत सात मामलों में सतीश चंद्र ने संपत्ति के फर्जी दस्तावेज लगाकर जमानत ली है। प्रभारी निरीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि सतीश चंद्र के खिलाफ कूटरचना की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।