फतेहपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन किशोरियों के लापता होने और अपहरण की आशंका में पुलिस ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की है। सभी मामलों में पुलिस जांच कर रही है और किशोरियों की तलाश जारी है।
जाफरगंज थाना क्षेत्र के टरूवापुर गांव निवासी सन्नो देवी ने पुलिस को बताया कि 22 जून को वह खेत गई थी। इसी दौरान पड़ोसी किरन उसकी पुत्री अनामिका उर्फ स्वाति को बहलाकर ले गई। खेत से लौटने पर पुत्री घर पर नहीं मिली।
पूछताछ में किरन की मां सुशीला देवी ने बताया कि दोनों रिश्तेदारी में गई हैं लेकिन इसके बाद किशोरी नहीं लौटी। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
थरियांव थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने बताया कि उसकी पुत्री बिना बताए घर से चली गई है। खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चला। प्रभारी निरीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश की जा रही है।
वहीं छत्तीसगढ़ प्रांत के विलासपुर जिले की किशोरी परिवार के साथ कल्यानपुर थाना क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे में मजदूरी के लिए रह रही थी। वह सोमवार से लापता है। थानाध्यक्ष सुमित देव पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।