फतेहपुर। दो घर समेत तीन स्थानों पर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बुधवार को सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के लहुरी सरायं गांव निवासी अरविंद कुमार की पत्नी शांति देवी ने पुलिस को बताया कि वह 25 मई की रात छत पर सो रही थीं। इसी दौरान चोर घर में घुसकर बक्से का ताला तोड़कर करीब 250 ग्राम चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। इनकी कीमत करीब 71 हजार रुपये है। चोरी की जानकारी पर उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। थानाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के पखरौली गांव निवासी राजकुमार की पत्नी सुधा देवी ने बताया कि मंगलवार देर रात पूरा परिवार गर्मी के कारण छत पर सो रहा था। तभी चोर छत के रास्ते घर में घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। कुल मिलाकर करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की बात बताई गई है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के शहजादीपुर निवासी किसान श्यामकिशोर ने बताया कि उसके गांव के दक्षिण 200 मीटर दूर स्थित मुर्गी फार्म से 26 मई की दोपहर चोर इन्वर्टर और 12 बैटरी चोरी कर ले गए। कोतवाल राजेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की प्राथमिकी दर्ज की गई है।