फतेहपुर। जावा कंपनी की बाइक एजेंसी मिलने का झांसा देकर ठगों ने एक युवक ने साढ़े 6 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले की एसपी से शिकायत की, तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के तीरनपुर निवासी आदर्श गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उन्होंने जावा बाइक एजेंसी लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। पांच जनवरी को आवेदन स्वीकार होने का उनके पास फोन आया।
बातचीत के बाद क्लासिक लीजेंड फर्म के नाम पर प्रारंभिक कार्रवाई के लिए सवा लाख रुपये मांगे गए। उन्होंने फर्म को रकम आरटीजीएस की। उसके बाद 11 जनवरी को जावा के खाता संख्या पर सवा 5 लाख का आरटीजीएस किया।
इस दौरान कुछ मित्रों से फर्म को लेकर चर्चा हुई। छानबीन में पता लगा कि फर्जी वेबसाइट के जरिये उनके साथ ठगी की गई है। मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की।
पुलिस ने टरकाया तो उन्होंने एसपी से शिकायत की। एसपी के आदेश पर सोमवार को पुलिस ने मामला दर्ज किया है। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।