अल्लीपुर। मेडिकल कॉलेज में गुटखा खाकर अंदर जाने को लेकर हुए हंगामे का वीडियो वायरल होने के बाद बृहस्पतिवार शाम पुलिस ने तीन तीमारदार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
ललौली थाने के पवारनपुर निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार शिवशंकर सिंह अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह मेडिकल कॉलेज अल्लीपुर में सुरक्षा गार्ड सुपरवाइजर हैं। उन्होंने बताया कि चार अगस्त की शाम इमरजेंसी गेट पर सुरक्षा गार्ड सुशील कुमार और नरेंद्र कुमार ड्यूटी पर तैनात थे। तभी तीन व्यक्ति वहां पहुंचे जिनमें एक गुटखा खा रहा था।
गार्डों ने उसे रोकते हुए गुटखा बाहर थूककर ही अंदर आने को कहा। इस पर तीनों इमरजेंसी गेट की रेलिंग फांदकर परिसर में घुस आए। रोकने पर उन्होंने सुरक्षा गार्डों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की। बीच-बचाव करने पहुंचे शिवशंकर सिंह के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
इसके बाद आरोपियों ने परिसर में हंगामा किया। आरोपियों में एक की पहचान हुसैनगंज थाने के आलमपुर नरही निवासी संजय के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि संजय समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।