फतेहपुर। सड़क हादसों में दो युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने वाहन चालकों पर बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के मौहार गांव निवासी राजकिशोर सिंह ने पुलिस को बताया कि पुत्र नरसिंह रेलवे के रामपुर प्लांट में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। मलवां स्टेशन से वह रामपुर प्लांट दो फरवरी को जा रहा था। रेवाड़ी पुल के पास कुछ दोस्तों से सड़क किनारे बातचीत कर रहा था। कानपुर की ओर जा रही डीसीएम ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई।
औंग थाना क्षेत्र के रावतपुर गांव निवासी प्रमिला देवी ने कल्यानपुर पुलिस को बताया कि पुत्र राजेश चौडगरा स्थित साइकिल की दुकान से काम कर सात मार्च को घर लौट रहा था। सड़क पार करते समय उसे कार ने टक्कर मार दी। इलाज के दौरान कानपुर के अस्पताल में दूसरे दिन उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष सुमित देव पांडेय ने बताया की प्राथमिकी दर्ज कर डीसीएम चालक व कार चालक की तलाश की जा रही है।