फतेहपुर। सड़क पर शव रखकर जाम लगाने के मामले में पुलिस ने बुधवार को 16 लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
ललौली थाना क्षेत्र के पलटूपुर गांव निवासी अफसर का पुत्र अंकुश (10) मां के साथ पैदल गांव जा रहा था। तभी लोडर की टक्कर से उसकी मौत हो गई थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने बांदा-कानपुर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया था।
दरोगा शशिभान सिंह की तहरीर पर ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोप है कि पलटूपुर के भोलू उर्फ लंबू ने बबूल का पेड़ काटकर सड़क पर रख दिया। छोटू उर्फ उमेश, राम मूरत, गुंठा, रामऔतार, रोशन, लालू, नवल, रूपेश, राजबहादुर, दिनेश निषाद, सरजू का पुत्र, रामधनी का पुत्र, रामप्रसाद उर्फ जुल्फकार का पुत्र, सूरज पाल का पुत्र, पिंकू और प्रमोद कश्यप ने शव का अपमान करते हुए सड़क पर रखकर ईंट-पत्थर डालकर यातायात बाधित किया।
जाम के कारण करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। करीब छह घंटे तक यातायात बाधित रहा। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार राव ने बताया कि सड़क जाम कर सरकारी कार्य में बाधा डालने, सेवन सीएल और बलवा समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।