फतेहपुर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से छह युवती और किशोरियों के अपहरण के मामलों में पुलिस ने बुधवार को 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस सभी की तलाश में जुटी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की महिला ने पुलिस को बताया कि 17 वर्षीय पुत्री मंगलवार को बिना बताए घर से कहीं चली गई है। खोजबीन के बाद भी पता नहीं चल सका। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश की जा रही है।
किशनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि 21 वर्षीय बहन को मलवां थाना क्षेत्र के धमिना गांव निवासी राजेश सैनी, अलनापुर गांव निवासी दुर्गेश रैदास और दमापुर गांव निवासी सत्येंद्र कुमार सैनी 11 जुलाई को अपहरण कर ले गए हैं। थानाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर युवती की तलाश की जा रही है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण ने बताया कि 16 वर्षीय पुत्री को मंगलवार को थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव निवासी अनुज यादव अपहरण कर ले गया है। शिकायत करने पर अनुज के पिता धर्मराज, भाई धुन्नी और मां ने गाली-गलौज की। थानाध्यक्ष तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश की जा रही है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि 20 वर्षीय पुत्री को ललौली थाना क्षेत्र के सिधांव गांव निवासी अमन गुप्ता दोस्त मुत्तौर निवासी भूपेंद्र तिवारी और कानपुर के बर्रा निवासी चचेरी बहन जहरी के सहयोग से अपहरण कर ले गया है। कोतवाल शैलेश सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर युवती की तलाश की जा रही है।
जाफरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने बताया कि 16 वर्षीय पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश की जा रही है।
ललौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि 16 वर्षीय बहन को गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह गांव निवासी शिवम मोदनवाल अगवा कर ले गया था। कोर्ट के माध्यम से पुलिस ने बहन को बरामद कर शुक्रवार को सुपुर्द किया था। आरोप है कि शिवम मोदनवाल दोबारा रविवार को उसे अगवा कर ले गया। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार राव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश की जा रही है।