असोथर (फतेहपुर)। बेर्राव गांव में रविवार को साइकिल मरम्मत के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्ष के सात लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने दुकानदार के घर की दीवार भी गिरा दी। पुलिस ने दोनों पक्षों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बेर्राव गांव निवासी मैकूराम पासवान घर के सामने साइकिल रिपेयरिंग की दुकान किए हैं। रविवार सुबह करीब सात बजे वह दुकान पर बैठे थे। गांव के राम सिंह, नागेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह साइकिल लेकर पहुंचे और रिपेयर करने के लिए कहा। लाकडाउन होने के कारण मैकूराम नेकाम करने से मना कर दिया। आरोप है कि इस बात पर रामसिंह ने गाली गलौच शुरू कर दी।
विरोध करने पर साथियों के साथ मिलकर मारपीट की। बचाने आए बेटे रामनरेश, अवधेश, सुरेंद्र, बेटी गुड़िया को भी हमलावरों ने पीटा। बचने के लिए परिजन घर में घुस गए तो हमलावरों ने दीवार तोड़ कर घर में तोड़फोड़ भी की।
मैकू की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्ष को थाने ले आई। पुलिस ने दोनों पक्षों को मेडिकल के लिए भेजा। मैकू की तहरीर पर राम सिंह, महेंद्र सिंह, नागेंद्र सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दूसरे पक्ष के नागेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह साइकिल बनवाने मैकू की दुकान पर गए थे। आरोप है कि मैकू ने साइकिल को खोल दी दी और नया ट्यूब डालने के एवज में 20 रुपये मांगे। उसने 10 रुपये देने की बात कही तो मैकू ने काम बंद कर दिया। आरोप है कि इस पर मैकू के बेटे नरेश ने गाली देते हुए मारपीट शुरू कर दी। दूसरा लड़का अवधेश लाठी लेकर आ गया और नागेंद्र व उसके भाई धीरेंद्र के सिर पर प्रहार कर घायल कर दिया। इंस्पेक्टर असोथर नागेंद्र नागर ने बताया कि दोनों पक्ष का मेडिकल कराकर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।