फोटो-13-अमौली के जाजमोइया समिति में लगे नए दरवाजे। संवाद
अमौली। क्षेत्र की सहकारी समितियों में खाद उपलब्ध नहीं होने से किसानों को खुले बाजार से खाद खरीदनी पड़ रही है। इससे उन्हें अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।
ब्लॉक की पांडेपुर, अरगल, बिजौली, एत्मादपुर, अमौली, कापिल और सठिगवां समितियों में 25 साल से खाद नहीं आई है। केवल जजमोइया सहकारी समिति से ही किसानों को खाद मिलती रही है। ऐसे में क्षेत्र के किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ता है।
प्रधान पारा धनई सोमू पांडे ने बताया कि विधायक राजेंद्र सिंह पटेल और विधायक जय कुमार सिंह जैकी से समितियों में खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसी क्रम में समिति भवन की मरम्मत कराने के साथ नए लोहे के दरवाजे भी लगाए गए हैं।
एत्मादपुर निवासी गोरेलाल ने बताया कि समिति के संचालन की वैधानिक प्रक्रिया चल रही है। यदि सभी समितियां दोबारा चालू हो जाती हैं, तो किसानों को खाद की समस्या से राहत मिल सकेगी।