जहानाबाद। मुगल मार्ग पर गैस सिलिंडर लदे ट्रक की टक्कर से सोमवार दोपहर बाइक सवार महिला की मौत हो गई। जबकि उसका पति और बेटी जख्मी हो गईं। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रक को पकड़ा है। जबकि चालक भाग निकला।
चांदपुर थाना क्षेत्र के बबई गांव निवासी रमाकांत प्रजापति अपनी पत्नी पूनम (22) और पुत्री लक्ष्मी (4) को बाइक से लेकर बकेवर थाने के पधारा ससुराल जा रहा था।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के रोटी मार्ग पर कीरतपुर के पास गैस सिलिंडर लदे ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक से उछलकर पूनम सड़क पर जा गिरी।
बाइक सवार रमाकांत और उसकी बेटी लक्ष्मी भी उछलकर दूसरी ओर गिर गईं। पूनम ट्रक के टायर की चपेट में आने से कुचल गई। हादसा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई।
पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूनम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल पिता-पुत्री को सीएचसी भेजा। पत्नी की मौत से पति बदहवास हो दिखा।
करीब पांच साल पहले पूनम की शादी हुई थी। थानाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। हादसास्थल पर बाइक सवार का हेलमेट नहीं मिला है।
रोते बिलखते मृतक पूनम के परिजन। संवाद- फोटो : FATEHPUR