घायल दिलीप को इलाज के लिए उठाकर ले जाते पुलिसकर्मी व अन्य। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
खागा। बबुल्लापुर गांव में आयोजित एक शादी में शामिल होने जा रहे चाचा व भतीजे को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में रेलवे से सेवानिवृत्त चाचा की मौत हो गई। जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी से फतेहपुर रेफर किया गया है।
खागा कोतवाली क्षेत्र के संसारपुर (कटोघन) निवासी रामशरण सविता (65) कानपुर में रहते थे और रेलवे से रिटायर्ड थे। बबुल्लापुर गांव में उनकीएक रिश्तेदारी में होने वाली शादी में शामिल होने के लिए वह बस से गुरुवार को खागा पहुंचे और संसारपुर निवासी अपने भतीजे दिलीप सविता (35) के साथ बाइक से बबुल्लापुर जा रहे थे।
करीब साढ़े बारह बजे वह किशनपुर रोड पर लंबरदार मार्केट के सामने पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए।
बाइक चला रहे दिलीप सविता हेलमेट नहीं लगाए था। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर खागा आनंद प्रकाश शुक्ल ने सिपाहियों व लोगों की मदद से घायलों को रिक्शा पर लादकर सीएचसी हरदो पहुंचाया।
जहां डॉक्टर ने रामशरण सविता को मृत घोषित कर दिया। जबकि दिलीप का प्राथमिक इलाज कर उसे फतेहपुर के लिए रेफर किया गया। पुलिस ने ट्रक चालक व खलासी को गाड़ी सहित हरदों रेलवे पुल के पास पकड़ लिया। घायल दिलीप सविता ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी तो कोहराम मच गया। परिजन कानपुर से खागा के लिए निकल चुके थे।