औंग। संदिग्ध हालात में मजदूर की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि मजदूर ने नशे की हालत में जहरीला पदार्थ खाने के बाद फांसी लगा ली। परिजनों ने पुलिस को भी जानकारी नहीं दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के गुधरौली गांव निवासी सुशील उर्फ छोटे रैदास (26) फैक्टरी में काम करता था। पिता नरेंद्र ने बताया कि बुधवार की रात सुशील नशे की हालत में घर आया और मां से झगड़कर अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसके कमरे में जाकर देखा तो सुशील फंदे से लटक रहा था, पास में जहरीला पदार्थ भी पड़ा था।
तत्काल ही सुशील को फंदे से उतारकर पीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि परिवार में विवाद है। पूर्व में भी विवाद के चलते पुलिस मृतक व उसके भाई और पिता को थाने ला चुकी है। सुशील की मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चल सकेगी। ग्रामीणों में सुशील की पिटाई की भी चर्चा है।