बहुआ। ललौली थानाक्षेत्र के एनएच 232 बांदा-टांडा हाईवे के जिंदपुर टोल प्लाजा पर जमकर मनमानी हो रही है। टोल कर्मी बिना सुविधा के डंडे के जोर पर वाहन चालकों से दोगुना शुल्क वसूल रहे हैं। वाहन चालकों के ऐतराज करने पर अभद्रता की जाती है। कर्मी बिना यूनीफार्म के ही तैनात हैं।
बांदा-टांडा हाईवे स्थित जिंदपुर टोल प्लाजा के आईटी रूम में 19 अक्तूबर को आग लग गई थी। इससे टोल प्लाजा के सारे कंप्यूटर सिस्टम बेकार हो गए और सीसीटीवी कैमरो ने भी काम करना बंद कर दिया।
इसी का फायदा उठाते हुए एमडी यूसुफ अली टोल कंपनी हैदराबाद के कर्मी वाहन चालकों से मनमाना शुल्क वसूल रहे हैं। कंप्यूटर सिस्टम व फास्टैग मशीन खराब होने से वाहनों से आनलाइन फास्टैग नहीं कट पा रहा है।
टोल कर्मी चालकों से दोगुना शुल्क वसूल कर रहे हैं। चालकों के विरोध करने पर उनके साथ गालीगलौज और अभद्रता की जाती है। वाहन चालक रामसिंह, सुरेश कुमार, मो.आमिर, राजेश कुमार, सूरजपाल आदि ने आरोप लगाया की उनके वाहनों में फास्टैग लगा होने के बावजूद शुल्क नहीं कट रहा है। टोल कर्मी बिना कोई रसीद दिए दोगुना शुल्क वसूल रहे हैं। विरोध करने पर अभद्रता करते हैं।
कंपनी के मैनेजर अजहरुद्दीन ने बताया कि 19 अक्तूबर को आईटी रूम में आग लग गई थी। इसकी वजह से कंप्यूटर व सभी कैमरे खराब हैं। टोल कर्मियों से एनएचआई के हिसाब से वसूली कराई जाती है। वाहन चालकों के आरोप बेबुनियाद हैं।