फतेहपुर। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को तीन नए रोगी मिलने के बाद जिले में डेंगू रोगियों की संख्या 52 हो गई है। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने पांच गांवों में कैंप लगाकर 126 बुखार रोगियों का इलाज किया। इसके साथ ही 18 नमूने डेंगू जांच के लिए भेजे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार विजयीपुर ब्लाक के सेंधरी गांव निवासी मनू (12), खेमकरन गांव निवासी मुकुलराज (35) और तेलियानी ब्लाक निवासी अजय सिंह का बेटा अभिराज (07) में डेंगू की पुष्टि हुई है।
मंगलवार को विभाग ने रजाबाद में कैंप लगाकर 21 बुखार रोगियों का इलाज किया, यहां दो नमूने जांच के लिए भेजे गए। अफोई गांव में 27 बुखार रोगियों का इलाज कर पांच के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
खेमकरनपुर में 41 का इलाज कर आठ नमूने भेजे गए। टिकरा में 14 बुखार रोगियों का इलाज किया और तीन डेंगू जांच के लिए नमूने भेजे। अजमाबाद में 23 बुखार रोगियों का इलाज किया गया। डेंगू रोगियों के घर और आसपास दवा का छिड़काव कराया गया।