किशनपुर। खागा-किशनपुर रोड पर लोक निर्माण विभाग के रेडियम युक्त संकेतांक बोर्ड (इंटीकेटर), झाड़ी और खर पतवारों के पीछे छिप गए हैं। यह समस्या अभी तो घातक नहीं है लेकिन जैसे ही कोहरे की चादर सड़कों को अपनी आगोश में लगी तो संकेतांक का नहीं दिखना, बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
खागा से किशनपुर रोड पर लोक निर्माण विभाग की ओर से राहगीरों की सहूलियत के लिए मोड़, नदी, नहर पुलों, स्पीड ब्रेकरों के पास इंटीकेटर लगाए गए हैं।
जिन्हें देख कर वाहन चालकों को आगे सड़क की स्थिति का पता चलता है। किशनपुर रोड पर ससुर खदेरी नदी के 100-100 मीटर पहले दोनों ओर रेडियम वाले राड, मोड़ दर्शाते हुए बोर्ड लगाए गए हैं।
यह जगह बेहद ही घुमावदार है। यह क्षेत्र दुर्घटना बाहुल्य भी हैं। बरसात के बाद यहां पर खरपतवार इस कदर उग आए हैं कि राड और मोड़ बताने वाले बोर्ड खर पतवारों से ढक गए हैं।
बरसात के बाद लोक निर्माण विभाग इन झाड़ियों को साफ कराने का काम करता था लेकिन अभी तक इस साल यह काम नहीं हुआ है। लोक निर्माण विभाग के जेई यूपी विश्वकर्मा ने बताया कि उन्हें अभी तक जानकारी नहीं थी, वह तुरंत इसे ठीक कराएंगे।