फतेहपुर। विवाद की सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम पर शनिवार रात पिता-पुत्रों ने हमला किया। आरोपियों ने एक सिपाही के साथ गाली गलौज और मारपीट कर उसका दांत तोड़ दिया।
सिपाही की वर्दी भी फाड़ दी। सिपाही की ओर से पिता और उसके दो पुत्रों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, वर्दी फाड़ने और गाली गलौज की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मलवां थाना क्षेत्र के छनेहरा गांव निवासी विपिन ने 112 नंबर पर फोन कर घर में विवाद होने की सूचना दी। बाइक पीआरवी 3510 में तैनात सिपाही अंकित कुमार अपने साथी के साथ गांव पहुंचे।
पुलिस के सामने ही विपिन अपने पिता राम सजीवन व भाई नितिन से झगड़ा करने लगा। सिपाही अंकित ने मना किया तो तीनों सिपाही से गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी देकर सिपाही पर हमला किया।
सिपाही की कालर पकड़ कर वर्दी फाड़ दी। मारपीट के दौरान सिपाही का एक दांत टूट गया। करीब एक पखवारे पहले भी आरोपी विपिन ने एक सिपाही के साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ी थी।
थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि आरोपी पिता पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।