जिला पंचायत कार्यालय में रखे शिलापट। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। जिला पंचायत की विभिन्न विकास योजनाओं के शिलान्यास पट कार्य स्थल में लगने के बजाय कार्यालय में धूल खा रहे हैं। सैकड़ों की संख्या में यह शिलापट जनता के साथ जनप्रतिनिधियों के किए गए मजाक की पोल खोल रहे हैं।
2021-22 में जिला पंचायत को 21 करोड़ की लागत से सड़कें, इंटरलाकिंग, नाली और नालों का निर्माण कराना है। चुनाव प्रचार में जनप्रतिनिधियों को विकास कार्यों की गिनती कराने के उद्देश्य से नवंबर के आखिरी सप्ताह में जिला पंचायत ने सभी कार्यों का शिलान्यास करा दिया था।
जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने एक साथ शिलान्यास कर दिया, लेकिन ये शिलापट कार्य स्थल पर नहीं पहुंच पाए। इस दौरान चुनाव आचार चुनाव संहिता लागू हो गई और यह शिलापट जिला पंचायत में ही रखे रह गए। जिला पंचायत ने इन शिलापटों को एक कमरे में रखा दिया है।
अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत लालता प्रसाद वर्मा ने बताया सभी शिलान्यास पट कार्यस्थल पर लगाए जा चुके हैं। कार्यालय में रखे शिलपट या तो टूटे हैं या फिर किसी परियोजना के दोहरे बने शिलापटों में से एक को रखा गया है। नए सभी शिलापट लगाए जा चुके हैं।