फतेहपुर। सेवानिवृत्त शिक्षक 17 महीने से अपहृत बेटे की बरामदगी के लिए अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा रहा है। नामजद रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पिता राममिलन सिंह ने एसपी को एक बार फिर शिकायती पत्र देकर आरोपियों को गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के खुशवक्त रायनगर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक राममिलन सिंह के बेटे शुभम उर्फ मनीष को उसके दोस्त गाजीपुर बस स्टाप निवासी अश्वनी मिश्रा, खुशवक्त रायनगर निवासी विनीत शुक्ला, गंगानगर निवासी अंशुल, दुर्गानगर निवासी अजय सिंह राठौर 17 जुलाई 2020 को अपनी कार से लेकर गए थे।
आरोपी चारो युवक अपने घरों में हैं, लेकिन उनका बेटा नहीं आया। उन्होंने अपने बेटे को रिश्तेदारियों में खोजा, लेकिन वह नहीं मिला। नौ अगस्त 2020 को सदर कोतवाली में अपहरण (धारा 365) के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया था।
इसके बाद से अभी तक पुलिस ने आरोपियों को न गिरफ्तार किया और न ही उनके बेटे की बरामदगी की गई। आरोपी बराबर उसे और उसके परिजनों पर सुलह न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसपी राजेश कुमार ने मामले में जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।