फतेहपुर। डायट छात्रा की स्कूटी रोककर बाइक सवार युवक ने छेड़खानी की। उसके विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा को धक्का देकर जान से मारने की धमकी दी। छात्रा अपने पिता के साथ कोतवाली पहुंची। उसने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली 21 साल की युवती डायट में प्रथम वर्ष की छात्रा है। वह नौ दिसंबर की सुबह करीब 10 बजे स्कूटी से डायट जा रही थी।
पनी मोहल्ले के पास पीछे से उत्तरी गौतम नगर निवासी सुलेमान आया। छात्रा का आरोप है कि उसकी स्कूटी के आगे सुलेमान ने बाइक लगा दी। उसे रोक लिया और छेड़खानी करने लगा।
उसके विरोध करने पर धक्का देकर जान से मारने की धमकी दी। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने सुलेमान के खिलाफ सोमवार रात मुकदमा दर्ज किया है।
छात्रा के पिता ने पुलिस को बताया कि घटना से बेटी दहशत में हैं। कोतवाल अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।