औंग। थाना क्षेत्र के खदरा गांव में बदमाशों ने सोमवार रात एसपीजी में तैनात जवान और उसके चाचा के घर में लूटपाट की। बदमाशों ने दंपती पर तमंचा लगाकर करीब पांच लाख का सामान ले गए। बदमाशों के चले जाने पर परिवार ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीन बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
खदरा गांव के रमेश यादव पशु पालक और किसान हैं। घर में पत्नी कमला, बेटा धर्मेंद्र और बहू अंकिता साथ रहते हैं। उनका छोटा बेटा अभिमर्दन एसपीजी में जवान है।
पड़ोस में उनका छोटा भाई राम सिंह यादव परिवार समेत रहते हैं। राम सिंह जमीन का व्यापार करते हैं। वह अक्सर कानपुर श्यामनगर स्थित घर में बेटे शिवम के साथ रहते हैं।
उनकी पत्नी सरोजनी रात को कमरे में सो रही थी। सरोजनी के मुताबिक करीब रात एक बजे कुत्ता भौंक रहा था, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। बदमाश छत के रास्ते सीढ़ियों से आंगन में आए।
इसके बाद कमरे के दरवाजों पर बाहर से कुंडी लगा दी। दूसरे कमरे का ताला तोड़कर तीन बक्से खोले हैं। उसमें रखे करीब 80 से 90 हजार के जेवरात चुरा ले गए।
इसके बाद बदमाश रमेश यादव के घर छत के रास्ते घुसे। रमेश बरामदे में सो रहे थे। उनकी पत्नी कमला गैलरी में सोयी थी। रमेश के मुताबिक उनके कमरे को खोलकर चोरों ने सामान चोरी किया।
इसके बाद दूसरे कमरे में सो रहे बेटे-बहू को तमंचा लगाकर अलमारी की चाबी लेकर अलमारी खोली। अलमारी, बक्सों से जेवरात लेने के बाद बदमाश आंगन में आए और सीढ़ियों के रास्ते से भाग निकले। बदमाश अंकिता का मोबाइल भी ले गए हैं।
बदमाशों के जाने पर धर्मेंद्र ने पिता को जानकारी दी। पिता रमेश ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई। रमेश ने बताया कि चार लाख के जेवरात और चार हजार रुपये नकद बदमाश ले गए हैं।
करीब दोनों घरों से पांच लाख का माल बदमाश समेट ले गए हैं। इधर, शोर मचने पर सरोजनी की नींद खुली। दरवाजे बंद होने पर मोबाइल से पड़ोसियों को सूचना दी।
पड़ोसियों ने दरवाजा खोला। पुलिस को जांच के दौरान बदमाशों की एक टार्च, कमरों के टूटे ताले, कपड़ों से भरे दो बैग बरगद के पेड़ के पास मिले हैं। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह राजपूत ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।
रमेश की लाइसेंस बंदूक है जमा
रमेश यादव के पास लाइसेंस बंदूक है लेकिन तीन माह पहले गांव में एक पक्ष से उनका विवाद हुआ था। इसके बाद से उनकी लाइसेंसी बंदूक जमा है। रमेश ने बताया कि उसकी बंदूक होती तो बदमाश भागने में सफल नहीं हो पाते।
बदमाशों ने दी धमकी
बदमाशों ने लूटपाट के दौरान धर्मेंद्र को जान से मारने की धमकी दी है। धर्मेंद्र ने बताया कि एक बदमाश बोला कि उसकी हत्या की सुपारी मिली है। सुपारी देने वाले उसे मारने के लिए 50 हजार की एडवांस रकम भी दी है। घटना में पुलिस को सुपारी की बात ने उलझाया है। पुलिस जांच में जुटी है।