खागा। बाइक सवार दो युवकों पर एक युवक ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। ताबड़तोड़ प्रहार कर उसने दोनों को घायल कर दिया। स्थानीय लोगों ने हमला करने वाले युवक को पकड़ कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खागा कोतवाली के अरबगंज निवासी शिवराज यादव व छीमी निवासी कृष्ण कुमार द्विवेदी बाइक से रविवार की सुबह निकले थे। जैसे ही वह गांव के बाहर एक मंदिर के पास पहुंचे, तो वहां घात लगाकर बैठे बलराम ने उन्हें रोका और चाकू से हमला कर दिया।
बलराम ने ताबड़तोड़ प्रहार कर दोनों को खून से लथपथ कर दिया। घायलों की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोग आ गए और हमलावर बलराम को पकड़ कर पुलिस को सूचना दी।
गांव पहुंची पुलिस घायलों को अस्पताल ले गई, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। कृष्ण कुमार के पुत्र हिमांशू द्विवेदी ने बलराम के खिलाफ हत्या के प्रयास व धमकी देने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया हैं।
बलराम सैनी थाना क्षेत्र के घड़ियालपुर जिला कौशांबी का रहनने वाला है। उसकी ससुराल छीमी गांव में हैं। इंस्पेक्टर खागा संतोष शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज जांच की जा रही है। आपसी विवाद के चलते यह घटना हुई है।
दो साल से पत्नी को लेकर है विवाद
बलराम ने गांव के दो युवकों पर हमला किस लिए किया, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस की जांच में यह पता चला कि बलराम की पत्नी करीब दो साल से मायके छीमी गांव में रह रही है और विवाद के कारण वापस नहीं जा रही है। बलराम शनिवार और इससे पहले भी गांव आकर पत्नी को बुला ले जाने का प्रयास कर रहा था लेकिन पत्नी जाने का नाम नहीं ले रही है।
बेटे ने कहा कि खेत में की थी मजदूरी
मुकदमा दर्ज कराने वाले हिमांशू द्विवेदी ने अपनी तहरीर में बताया कि बलराम इस बात से नाराज है कि उसकी पत्नी ने उनके खेत में मजदूरी की थी और इसे लेकर पहले भी वह फोन पर पिता को धमकी दे रहा था।
तीन लोगों को मारने आया था बलराम
बलराम ने पुलिस को बताया कि दोनों घायलों के अलावा व एक अन्य व्यक्ति को मारने के इरादे से चाकू लेकर आया था। आरोप लगाया कि घायलों के हस्तक्षेप के चलते उसकी पत्नी ससुराल जाने को तैयार नहीं होती है।
घायल शिवराज यादव। संवाद- फोटो : FATEHPUR