फतेहपुर। युवती के साथ घर में घुसकर युवक ने दुष्कर्म किया। आरोपी ने अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिया और वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।
कुछ दिनों बाद उसने वीडियो वायरल कर दिया। दोनों पक्षों के बीच समझौते की बातचीत भी हुई, लेकिन आरोपी नहीं माना। मामले में एसपी के आदेश पर जहानाबाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
घटना जहानाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में 19 जुलाई 2019 की है। युवती की मां का आरोप है कि लकी उर्फ विजय घर में तमंचा लेकर घुस आया था। उनकी 18 साल की बेटी घर में अकेली थी।
तमंचा दिखाकर आरोपी ने बेटी के साथ दुष्कर्म किया। जान से मारने की धमकी देकर उसकी अश्लील फोटो खींची और वीडियो भी बनाया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती का कई बार शारीरिक शोषण किया।
आरोपी की हरकत से परेशान होकर युवती ने उन्हें आपबीती बताई। उन्होंने आरोपी के घरवालों से शिकायत की। तो आरोपी ने युवती की फोटो और वीडियो को वायरल कर दिया।
थानाध्यक्ष योगेंद्र पटेल ने बताया कि मामले में एसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ घर में घुसकर दुष्कर्म, धमकी, छेड़खानी, आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।