अनूप कुमार की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
औंग। थाना क्षेत्र के हाईवे पर रानीपुर गांव के पास हीरा कारीगर की शुक्रवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई है। मृतक के पास मिले फोन से पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के शादीपुर गांव निवासी अनूप कुमार (27) गुजरात में हीरा कटिंग का काम करता था। वह गुरुवार को गुजरात से साले की शादी में शामिल होने के लिए गांव आया था। शुक्रवार को वह बकेवर थाना क्षेत्र के मंझिलेगांव ससुराल आया था।
जहां से रात में बाइक से घर लौट रहा था। रानीपुर के पास किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को बाइक और हेलमेट मौके पर क्षतिग्रस्त मिला।
हादसा करने वाले वाहन का पता नहीं लगा। मृतक अनूप के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोट लगी थी। पुलिस सिर पर चोट लगने से मौत होना मान रही है। मृतक के पास मिले मोबाइल से पिता राजेश कुमार को पुलिस ने घटना की सूचना दी।
राजेश ने बताया कि बेटे के साले महेंद्र की बुधवार को शादी है। इसलिए बेटा गुजरात से गांव आया था। मृतक का एक दो साल का बेटा यश है। हादसे से मां गीता देवी, पत्नी रितु बदहवास हो गईं।
बड़े बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह राजपूत ने बताया पिता राजेश कुमार की तहरीर पर हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।