फतेहपुर। देशी शराब पीने वालों के लिए नए सत्र में 100 एमएल शराब भी मिलेगी। अभी तक सेल्समैन क्वार्टर में हाफ कर दो लोगों को 100-100 एमएल कर देते हैं। जिससे मिलावट का खतरा बना रहता था।
जिले में देशी शराब की 275 दुकानें हैं। इन दुकानों से हर साल लाखों लीटर शराब की बिक्री होती है। आबकारी विभाग ने साल 2022-23 के लिए देशी शराब की बिक्री में बदलाव किए हैं।
प्लास्टिक की बोतल की जगह देशी शराब भी कांच की शीशी में आएगी। 200 एमएल की क्वार्टर के साथ 100 एमएल में भी शराब मिलेगी। अक्सर शौकीन नशा कम होने पर थोड़ी और पीना चाहते हैं, लेकिन 200 एमएल का क्वार्टर होने के कारण उन्हें आधी पीने के लिए किसी साथी की आवश्यकता होती थी।
ऐसे में कई बार सेल्समैन उन्हें पांच से दस रुपये अधिक देने होते हैं। इसके बाद खुली शराब खरीदने में मिलावट की शंका बढ़ जाती है। 100 एमएल शराब की शीशी भी कांच में मिलेगी। सदर आबकारी निरीक्षक रॉबिन आर्या ने बताया कि मिलावटी शराब बिक्री की रोकथाम के लिए 100 एमएल की पैकिंग चालू की गई है।
36 डिग्री में पांच रुपये दाम हुए कम
देशी शराब क्वार्टर 42 डिग्री और 36 डिग्री में आती हैं। 36 डिग्री की क्वार्टर की कम बिक्री होती है। 42 डिग्री का क्वार्टर 80 रुपये कीमत का है। 36 डिग्री का क्वार्टर शराब 70 रुपये का है। आबकारी विभाग ने नए सत्र में 36 डिग्री की बिक्री बढ़ाने के लिए पांच रुपये और कटौती की है।