फतेहपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलों की समीक्षा करना शुरू कर दिया है। ऐसे में उनके जनपद आगमन की भी प्रबल संभावनाएं बनी हुई हैं।
सीएम के संभावित दौरे को लेकर सरकारी महकमे ने होमवर्क करना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे ने मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट में कराने केे लिए गांधी सभागार का नवीनीकरण कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
जनपद मुख्यालय पर कोई भी बैठक होती है तो विकास भवन सभागार में होती है। बैठक के लिहाज से दो ही उपयुक्त स्थान हैं, पहला विकास भवन सभागार और दूसरा कलक्ट्रेट का गांधी सभागार।
कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में एकबार में बमुश्किल पचास लोग ही बैठ पाते हैं। ऐसे में किसी बड़ी बैठक के लिए हर बार विकास भवन जाना होता है।
ऐसे में सीएम के आगमन पर होने वाली समीक्षा बैठक के लिए कलक्ट्रेट के गांधी सभागार को नए सिरे से तैयार कराने की तैयारी है। डीएम ने सभागार के पीछे के कमरे को तोड़वाकर उसे सभागार में मिलाने का स्टीमेट तैयार करवाया है।
इससे सभागार की क्षमता बढ़ जाएगी। डीएम ने बताया कि सभागार का नवीनीकरण कराने के लिए 27 लाख का स्टीमेट तैयार किया गया है। स्टीमेट शासन में लंबित है, बजट मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा।