मिट्टी खनन स्थल पर जमा ग्रामीणों की भीड़। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
अल्लीपुर। चितौरा गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को हाईवे निर्माण के लिए किए जा रहे मिट्टी खनन को बंद करा दिया। इसके साथ ही उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप था कि कंपनी ग्राम समाज की जमीन पर खनन कर रही है।
मलवां थाना क्षेत्र के चितौरा ग्राम सभा के सेनीपुर गांव में हाईवे निर्माण कराने वाली कंपनी पीएनसी मिट्टी खनन करा रही है। इससे परेशान ग्रामीणों ने प्रधान राजकरन से शिकायत की। प्रधान समेत ग्रामीण खनन स्थल पहुंचे। खनन करने वालों से कागजात मांगे।
कागजात नहीं दिखाने पर ग्रामीणों ने खनन बंद कराया। प्रधान ने बताया कि खनन के वाहनों से गांव की सड़क ध्वस्त हो गई थी। खनन ग्राम समाज की जमीन पर मानकों को ताक पर रखकर किया गया है।
इसकी कोई अनुमति भी नहीं है। ठेकेदार शिवम अग्निहोत्री मौके पर पहुंचे। उन्होंने मिट्टी खनन के लिए एनओसी होने पर खनन कराने की बात कही। ग्रामीण नहीं
माने। प्रधान ने बताया कि ग्राम सभा की जमीन को तालाब में तब्दील कर दिया है। ग्रामीण उन पर ही रुपये लेकर खनन कराने का आरोप लगा रहे हैं।
किसी सक्षम अधिकारी के आने पर ही दोबारा ठेकेदारों को खनन करने दिया जाएगा। थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि मौके पर कोई विवाद नहीं हुआ है। किसी पक्ष की शिकायत नहीं आई है।