फतेहपुर। बाइक लेकर रेलवे पटरी पार करते समय बुधवार रात करीब 11 बजे ट्रेन की चपेट में आने से साले-बहनोई की मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। जीआरपी मौके पर पहुंची। शिनाखत के बाद शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव निवासी संदीप (20) रिश्ते में बहनोई रामचंद्र (35) निवासी छविनाथपुर के साथ बुधवार को कानपुर पासपोर्ट बनवाने के लिए गया था। दोनों बाइक से रात को घर लौट रहे थे।
मलवां स्टेशन के पास अंडरपास निर्माणाधीन होने के कारण दोनों ऊपर से ही रेलवे लाइन पार करने लगे। रेलवे ट्रैक से बाइक पार कराते समय वह अप लाइन पर आ रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को नहीं देख सके और चपेट में आ गए।
ट्रेन की टक्कर से बाइक उछलकर दूर जा गिरी। वहीं दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर जीआरपी थाने से एसआई अंकुर कैथवास मौके पर पहुंचे।
पुलिस को मृतकों के कपड़ों से आधार कार्ड मिला। बाइक की नंबर प्लेट के आधार पर भी पुलिस ने छानबीन की। परिजनों को सूचना दी। जीआरपी थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
संदीप की फाइल फोटो। संवाद- फोटो : FATEHPUR