फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के सौंहपुर गांव के प्रेमी युगल हत्याकांड में डेढ़ साल बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। मामले में पीड़ित ने हाईकोर्ट में याचिका और एडीजी से भी शिकायत की है। एडीजी ने पूरे मामले की जांच की आख्या 14 अक्तूबर तक तलब की है।
सौंहपुर गांव निवासी लवकुश और अंकिता के शव छह अप्रैल 2020 को एक कोठरी से बरामद हुए थे। दोनों के सिर पर गहरे घाव थे। मौके से तमंचा बरामद हुआ था, लेकिन दोनों के सिर से गोली नहीं बरामद हुई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नुकीला हथियार सिर में घोंपकर हत्या करने की बात स्पष्ट हुई थी। मामले में लवकुश के पिता कमल किशोर ने मृतका के पिता चंद्रिका प्रसाद समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की।
पीड़ित कमल किशोर ने मामले में याचिका हाईकोर्ट में दाखिल कर कार्रवाई की मांग की है। हाईकोर्ट ने पुलिस से प्रकरण में जवाब मांगा है। वहीं एडीजी से भी शिकायत की गई। एडीजी ने पुलिस अधीक्षक से 14 अक्तूबर तक मामले में जांच और कार्रवाई रिपोर्ट तलब की है। एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया मामले की जांच रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है।