खागा। क्रय केंद्रों में किसानों से धान अधिक लेकर उन्हें चूना लगाया जा रहा है। पिछले 40 दिन में केंद्र प्रभारियों ने 1868 क्विंटल धान अतिरिक्त तौल करके अपनी झोली भर ली है।
इस खेल का खुलासा तब हुआ जब मंडलायुक्त संजय गोयल और अपर आयुक्त पुष्पराज सिंह ने जनपद के खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। यहां बोरियों की तौल कराई, तो सभी बोरियों में लगभग एक किलो धान अधिक निकला।
तहसील क्षेत्र में किसानों का धान खरीदने के लिए 19 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। निरीक्षण के दिन यानि शुक्रवार तक 855 किसानों का करीब 46694 क्विंटल धान खरीदा गया।
एक बोरी में 40 किलो धान की तौल कराने का नियम है। मंडलायुक्त और अपर आयुक्त की तौल में साढ़े 41 किलो धान भरा मिला है। इस हिसाब से एक क्विंटल में दो किलो केंद्र प्रभारियों ने अपने पाले में डाल लिया है।
दो किलो अधिक धान लेने के हिसाब से जोड़ा जाए, तो अब तक की खरीद में 1868 क्विंटल केंद्र प्रभारियों ने धान किसान से अधिक लिया है, जिसका पैसा किसानों की जगह केंद्र प्रभारियों की जेब में जाएगा।
केंद्र प्रभारी मिल मालिकों के के माध्यम से सेटिंग करके मोटी कमाई कर रहे हैं। किसान ओमप्रकाश, रामू सिंह, राजवीर ने बताया कि हर बोरी में 41 किलो से लेकर 42 किलो तक धान की तौल कराई गई है।
जबकि 40 किलो के हिसाब से जोड़कर बिल बनाया गया है। केंद्र प्रभारी सुरेंद्र सिंह और अन्य केंद्र प्रभारियों ने बताया कि तौल में कोई हेरा-फेरी नहीं की जाती है।
क्रय केंद्रों में अधिक धान की तौल कराने व बिचौलियों को रोकने के लिए राजस्व कर्मियों को लगाया गया है। किसी भी क्रय केंद्र में अधिक धान की तौल कराने की रिपोर्ट आती है, तो केंद्र प्रभारी पर कार्रवाई की जाएगी। - प्रभाकर त्रिपाठी, एसडीएम खागा
धान क्रय केंद्र में डंप धान। संवाद- फोटो : FATEHPUR