विकास भवन सभागार में एनड्रायड फोन दिखाती आशा बहुएं व मौजूद अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता और सीडीओ
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। आशाओं को स्मार्ट बनाने के लिए अब स्मार्ट फोन दिया गया है। इससे आशाओं का काम सरल हो जाएगा। शुक्रवार को जिले की 2198 आशाओं ने स्मार्ट फोन पाकर खुशी जताई।
विकास भवन सभागार में शुक्रवार केे लखनऊ से आशा कार्यकर्ताओं को स्मार्ट फोन वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता ने आशाओं को स्मार्ट फोन देकर शुरुआत की। सदर विधायक ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर कर रही है और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को स्मार्ट बना रही है। आशा कार्यकर्ताओं को स्मार्ट फोन वितरण करना, इसी दिशा में उठाया गया कदम है। सीडीओ सत्यप्रकाश ने कहा कि कोरोना कार्यकाल में आशाओं ने बेहतर काम किया है। ऐसे में आशाएं और बेहतर काम करें, इसलिए स्मार्ट फोन दिया गया है। इस मौके पर सीएमओ डॉ. राजेंद्र सिंह, एसीएमओ डॉ. एसपी जौहरी और धीरेंद्र कुमार वर्मा मौजूद रहे।
हसवा संवाद के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आशा कार्यकताओं को स्मार्टफोन वितरित किया गया। ब्लॉक प्रमुख ने ब्लॉक क्षेत्र के 58 ग्राम पंचायत के 192 आशा कर्मियों को स्मार्ट फोन दिए। अब सभी आशाएं विभिन्न सर्वे, टीकाकरण की रिपोर्ट का डाटा ऑनलाइन फीड करेंगी। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी शिव पूजन भारतीय, पीएचसी प्रभारी डॉ. अनुपम कुमार, ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधन जावेद आलम, डॉ शाबान, कैलाश नाथ, अमित पांडेय, सुरेश, प्रियंका और विक्रम मौजूद रहे।