फतेहपुर। आज सूर्योदय हम सबके जीवन में 2022 के रूप में नया साल लेकर आया है। यह नववर्ष जनपद के सर्वांगीण विकास की कई उम्मीदें लेकर आया है। उम्मीदें हैं हमारे युवाओं की प्रतिभा को निखारकर उन्हें सफलता का नया फलक देने की, उम्मीदे हैं हमारे बच्चों-बुजुर्गों, महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की और उम्मीदे हैं हमारे किसानों को अपनी फसलें गांव से शहर तक पहुंचाने के लिए सुगम रास्ते मुहैया होने की। यह सब कुछ नया साल अपने आने वाले कल में समेटे हुए है। नये साल की उम्मीदों को बयां करती रिपोर्ट -
शहर के शांतिनगर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में रनिंग ट्रैक का निर्माण होगा। यह ट्रैक बेहद खास होगा, क्योंकि ट्रैक सिंथेटिक का बना होगा। जैैसे राष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम में होता है। बस फर्क इतना है कि राष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का ट्रैक सौ मीटर का होता है और यहां का 80 मीटर का है। इस ट्रैक में युवाओं को दौड़ने के लिए प्रशिक्षित किया जा सकेगा।
जिला अस्पताल में निर्माणाधीन ट्रॉमा सेंटर का गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी को जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे शुभारंभ करेंगी। 56 लाख की लागत से निर्माणाधीन डायलिसिस यूनिट का संचालन पीपीपी मॉडल पर किया जाएगा। डीएम ने बताया कि शुरुआती दौर में इस यूनिट का शुभारंभ दो बेडों की क्षमता के साथ होगा।
44 परियोजनाओं का मिलेगा जनपद को लाभ
साल 2022 में जनपद को 44 बड़ी परियोजनाओं का लाभ मिलेगा। जिनकी लागत 140 करोड़ 71 लाख से अधिक है। इन 44 परियोजनाओं में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और युवाओं के लिए तरजीह दी गई है। खास बात यह है कि इन समस्त परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है।