औंग। देवमई ब्लाक के हाजीपुर गांव की सरकारी राशन की दुकान निलंबित कर दी गई। जांच टीम की आख्या पर जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार ने सोमवार शाम यह कार्रवाई की है। इस दुकान को खदरा गांव की सरकारी दुकान से अटैच कर दिया गया है। हाजीपुर के कार्डधारक 21 व 22 जून को खदरा से राशन लेंगे।
हाजीपुर राशन की दुकान के संचालक की राशन कटौती और पूर्ति निरीक्षक को एक हजार रुपये सुविधा शुल्क देने का वीडियो वायरल हुआ था। इस पर कार्डधारकों ने हंगामा भी किया था। अमर उजाला ने शनिवार के अंक में खबर प्रकाशित की थी। खबर का संज्ञान लेकर जिला पूर्ति अधिकारी ने जांच के लिए टीम हाजीपुर गांव भेजी थी। टीम ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनी और उनके बयान दर्ज किए थे। ग्रामीणों ने प्रति यूनिट एक किलो कम राशन देने की बात कही थी।
कई ग्रामीणों ने राशन कार्ड से यूनिट कटने की बात भी बताई थी। कुछ ग्रामीणों को सात माह से राशन नहीं मिलने का बयान दिया था। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी बिंदकी मनोज उत्तम ने बताया कि जांच में अनियमितताएं मिली थीं। आख्या जिला पूर्ति अधिकारी को प्रेषित की गई थी। सोमवार को दुकान निलंबित करके इसे खदरा गांव के राशन की दुकान से अटैच कर दिया गया है।