फतेहपुर। मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण जिले के तीन और राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा आठ तक के बच्चों को मिडे मील उपलब्ध कराएगा। योजना से लाभान्वित होने वाले राजकीय माध्यमिक विद्यालयों की संख्या अब सात हो गई है।
जिले में राजकीय इंटर कालेज फतेहपुर, राजकीय इंटर कालेज अर्जुनपुर गढ़ा, राजकीय बालिका इंटर कालेज फतेहपुर और बिंदकी कक्षा छह से इंटरमीडिएट तक संचालित हैं। इनमें कक्षा छह से आठ तक के बच्चों को सभी कार्यदिवसों पर मिडडे मील देने की व्यवस्था पहले से लागू है।
नए सत्र में जिले के तीन और राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा छह से आठ तक की कक्षाएं संचालित होंगी। इनसे पहले कक्षा नौ, 10, 11, 12 की कक्षाएं संचालित होती रही हैं।
जिन तीन विद्यालयों में कक्षा छह से आठ तक की कक्षाएं शुरू होने वाली हैं उनमें पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज अंबिलिहापाल, ऐलई और बहुआ शामिल हैं। इन तीनों स्कूलों में कक्षाएं संचालन के साथ दोपहर के समय बच्चों को तय मेन्यू के तहत मिडडे मील दिया जाएगा। इसके लिए मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण ने स्कूलों को गेहूं, चावल के साथ ही भोजन लागत राशि आवंटन की तैयारी प्रारंभ कर दी है।
डीसी एमडीएम आशीष दीक्षित ने बताया कि चालू सत्र में ऐलई, बहुआ और अंबिलिहापाल राजकीय मॉडल इंटर कॉलेजों में मध्यान्ह भोजन योजना लागू कर दी गई है। इसके लिए गेहूं, चावल के साथ ही भोजन लागत राशि आवंटन की प्रक्रिया चल रही है।